राम मंदिर के लिए चंदा:जयपुर के कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल ने दिया 5.11 लाख का चेक, 2018 में विद्याधर नगर सीट से लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव
- कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल ने कहा, राम देश की संस्कृति के प्रतीक, मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मंदिर के लिए तो बिन मांगे सहयोग करना चाहिए
समाज सेवी सीताराम अग्रवाल ने राम मंदिर के लिए 5 लाख, 11 हजार, 111रुपए का चंदा दिया। सीताराम अग्रवाल ने चेक के जरिए राम मंदिर के लिए चंदा राशि दी है। अग्रवाल विद्याधर नगर सीट से कांग्रेस के टिकट पर 2018 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रह चुके हैंं। अग्रवाल ने अपनी फर्म के नाम से राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए सहयोग राशि का चेक दिया है।
इससे पहले परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास भी रामंमदिर निर्माण के लिए चांदी की ईंट और तीन माह का वेतन देने की घोषणा कर चुके हैं।
राम सबके हैं, राम देश की संस्कृति के प्रतीक: सीताराम अग्रवाल
कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल ने कहा, राम सबके हैं, राम देश की बहुलवादी संस्कृति के प्रतीक हैं, इस देश के जनमानस में राम से बड़ा न कोई है और न होगा। राम जैसी सर्वव्यापी आस्था दुर्लभ है, ऐसे मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मंदिर का निर्माण हो रहा है तो तो बिन मांगे सहयोग करना चाहिए। इसी भावना से मैंने एक छोटा सा सहयोग किया है। राम में मेरी आस्था है और आस्था के आगे कोई विचारधारा आड़े नहीं आती। भगवान राम इस देश के हर नागरिक के दिल और दिमाग में है, राम से बड़ा राम का नाम है।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां तो अभिवादन ही राम राम या जय सियाराम से शुरू होता है, आपको बहुत से गैर हिंदू भी राम-राम का अभिवादन करते मिल जाएंगे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें